इनेलो नेता उमेद सिंह लोहान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चानौत गांव के लोगों के साथ हो रही नाइंसाफी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि चानौत के ग्रामीण अपने हक और पीने के पानी की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, इसलिए उनकी मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। उमेद सिंह लोहान ने प्रशासन द्वारा आंदोलन से जुड़े लोगों पर दर्ज किए गए मामलों को वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि ग्रामीणों पर दर्ज केस जल्द वापस लिए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले वापस नहीं लिए गए तो इनेलो ग्रामीणों की कानूनी लड़ाई लड़ेगी और पार्टी अपने पैनल के माध्यम से उनका पूरा साथ देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की जमीन को भी नुकसान पहुंचाया गया है और इस पूरे मामले में किसानों के हितों की अनदेखी हुई है। लोहान ने कहा कि प्रशासन ने जिन पाइपों को उखाड़ा था, उन्हें दोबारा लगाया है, लेकिन इससे ग्रामीणों की मूल समस्या का समाधान नहीं हुआ है।