नवीन शर्मा संवाद न्यूज एजेंसी हांसी। हांसी में आज शाम मौसम ने अचानक करवट ली। जहां दिनभर उमस भरी तेज गर्मी पड़ रही थी। शाम होते ही तेज हवा के साथ धूल-मिट्टी भरी आंधी चली, जिसके कुछ ही देर बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश से पिछले तीन-चार दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत मिली तथा मौसम सुहावना हो गया। पिछले कई दिनों से तेज धूप और उमस के कारण लोग पसीने से बेहाल थे। बारिश शुरू होते ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने राहत की सांस ली। शहरवासियों ने भी मौसम के इस बदलाव का स्वागत करते हुए कहा कि आखिरकार गर्मी से राहत मिल गई। रोहित मलिक ने बताया कि गर्मी से राहत मिली है।बारिश का लाभ किसानों को भी मिलने की उम्मीद है। किसानों का कहना है कि यह बारिश फसलों के लिए सोने पर सुहागा साबित होगी और खेतों में नमी बढ़ने से कृषि कार्यों में भी फायदा मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले पूरे सप्ताह क्षेत्र में बारिश की संभावना बनी हुई है। यदि पूर्वानुमान सही रहता है तो लगातार होने वाली बारिश से तापमान में और गिरावट आएगी तथा लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी।