हांसी जिले में सोमवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो प्रदेश के अन्य जिलों की तुलना में सबसे अधिक रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। सोमवार का दिन अब तक का हांसी का सबसे गर्म दिन था। सुबह से ही तेज धूप के कारण आमजन परेशान हुए। वहीं भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए लोग ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं। मौसम विभाग ने कई इलाकों में हिट वेव का अलर्ट जारी किया है। नागरिक अस्पताल के डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी, नींबू पानी और छाछ पीने की सलाह दी गई है। धूप में निकलते समय सूती कपड़े पहनने और सिर को कपड़े से ढककर रखने की भी सलाह दी गई है। गर्मी व तेज धूप से बचने के लिए लाेगों को शीतल पेय पदार्थों का सहारा लेना पड़ रहा है। ज्यादातर बाइक सवार चेहरा ढक कर निकले। दोपहर काे सड़कें सूनी हो गईं। लोग जरूरी काम के लिए बाहर निकल रहे है।