फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हांसी। नागरिक अस्पताल में नेत्र रोग विशेषज्ञों की कमी से मरीज परेशान

संवाद न्यूज एजेंसी हांसी। हांसी को जिला तो बना लेकिन स्वास्थ्य सुविधाओं की जमीनी हकीकत अब भी सवालों के घेरे में है। नागरिक अस्पताल में नेत्र रोग विशेषज्ञों की कमी के कारण आंखों के मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सप्ताह में केवल शुक्रवार को ही आंखों की जांच होने से मरीजों को कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता है। लोगों ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि जल्द समाधान किया जाए। नागरिक अस्पताल में नेत्र रोग विशेषज्ञों की कमी के चलते आंखों की जांच और उपचार प्रभावित हो रहा है। अस्पताल में सप्ताह में केवल एक दिन, शुक्रवार को ही नेत्र रोग विशेषज्ञ उपलब्ध होते हैं। ऐसे में अन्य दिनों में आने वाले मरीजों को या तो अगली तारीख दी जाती है या फिर बिना उपचार के वापस लौटना पड़ता है। बंटी रोहनात निवासी ने बताया है कि आर्थिक रूप से सक्षम लोग तो निजी अस्पतालों में इलाज करा लेते हैं, लेकिन गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए सरकारी अस्पताल ही एकमात्र सहारा है। उनका कहना है कि जिला बनने के बाद भी यदि विशेषज्ञ डॉक्टरों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं हो पाई है, तो इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। रामायण गांव से पहुंचे कृष्ण कुमार ने कहा कि हांसी नागरिक अस्पताल में नियमित रूप से नेत्र रोग विशेषज्ञों की नियुक्ति की जाए। ताकि मरीजों को समय पर जांच और इलाज मिल सके और उन्हें बार-बार अस्पताल के चक्कर न लगाने पड़ें। मरीज रविंद्र चानौत का कहना है कि सप्ताह में केवल एक दिन विशेषज्ञ डॉक्टर मिलने से बाकी दिनों में आने वाले लोगों को बिना इलाज लौटना पड़ता है। आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए निजी अस्पताल में इलाज कराना आसान नहीं है, इसलिए वे सरकारी अस्पताल पर ही निर्भर हैं। नागरिक अस्पताल के सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. राहुल बुद्धिराजा ने बताया कि नेत्र रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति को लेकर उच्च अधिकारियों को पत्र भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि विभाग इस समस्या से अवगत है और जल्द ही इसका समाधान होने की उम्मीद है, ताकि मरीजों को नियमित रूप से नेत्र संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें