संवाद न्यूज एजेंसी हांसी। शहर के गर्ग अस्पताल वाली गली में एक अज्ञात व्यक्ति सुबह से लावारिस हालत में पड़ा रहा। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना डायल 112 पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस उसे नागरिक अस्पताल लेकर पहुंची। आरोप है कि अस्पताल में उसे लावारिस समझकर इलाज नहीं किया गया और वापस छोड़ दिया गया। बाद में लोगों ने फिर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस दोबारा मौके पर पहुंची और व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती करवाने की कार्रवाई की। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष देखने को मिला। स्थानीय निवासी लवकेश ने आरोप लगाया कि अज्ञात और लावारिस समझकर घायल व्यक्ति की देखभाल नहीं की गई। उन्होंने कहा कि यदि अस्पताल प्रशासन ने समय पर इलाज नहीं किया तो वे कानूनी कार्रवाई करेंगे। मौके पर काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए और मानवता के आधार पर मरीज का तुरंत इलाज करने की मांग उठाई। वहीं डायल 112 पर तैनात पुलिसकर्मी जसवंत ने बताया कि वे पहले भी व्यक्ति को अस्पताल लेकर गए थे, लेकिन डॉक्टर ने भर्ती नहीं किया। दोबारा सूचना मिलने पर पुलिस फिर मौके पर पहुंची और अब व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती करवाने की कार्रवाई की जा रही है।