पूर्व मंत्री रणजीत सिंह ने कहा कि 20 फरवरी के बाद हिसार में प्रदेश स्तरीय रैली करुंगा। जिसमें अपनी राजनीति के अगले फैसले का एलान करूंगा। मेरी रैली 2024 के विधानसभा के बाद प्रदेश में हुई रैलियों में सबसे बड़ी रैली होगी। उन्होंने बिना नाम लिए इनेलो तथा जजपा की रैली से बड़ी रैली का एलान कर दिया है। प्रदेश में भाजपा सरकार के तीसरे कार्यकाल का एक साल पूरा होने पर पूछे गए सवाल पर कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था में सख्ती की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अमेरिका में भी कई बार कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठते रहते हैं। हिसार के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में पूर्व मंत्री रणजीत सिंह ने कहा कि एक साल का कार्यकाल कम होता है। नायब सिंह सैनी को अभी कम समय मिला है। उन्होंने कई अच्छे कार्याें के जरिए जनता में अपनी छाप छोड़ी है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अभी तक 9 जिलाें का दौरा कर चुका हूं। लोग हर बार पूछते हैं कि आप राजनीति फैसला लो। मैंने अपना फैसला कार्यकर्ताओं पर ही छोड़ दिया है। मेरे वर्कर जो कहेंगे मुझे वही स्वीकार होगा। भाजपा में जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस तरह की खबरें मीडिया में चलती रहती है। मैंने अभी कोई फैसला नहीं लिया है। 20 फरवरी के बाद सर्दी कम होने पर हिसार में एक बड़ी रैली कर राजनीतिक फैसला लूंगा। बिजली निगम की ओर से रेट बढ़ाए जाने के प्रस्ताव को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि खर्च बढ़ने पर कई बार रेट बढ़ाना मजबूरी हो जाता है। मैंने अपने कार्यकाल में बिजली के रेट में बढ़ोतरी नहीं होने दी। हमने जनता को सस्ती तथा निर्बाध बिजली देने का वादा निभाया।