पहली बार हिसार पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के सामने ही गुटबाजी दिखाई दी। मंच संचालन को लेकर शहरी व ग्रामीण जिला अध्यक्ष मंच संचालन को लेकर भिड़ गए। कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया मंच संचालन कर रहे थे। प्रदेशाध्यक्ष के मंच पर आने के बाद शहरी अध्यक्ष बजरंग गर्ग माइक काे अपनी ओर करने लगे। बृजलाल बहबलपुरिया ने माइक नहीं दिया।उन्होंने कहा कि मैंने अनुमति ली हुई है। बजरंग गर्ग ने माइक अपनी ओर करने का प्रयास किया तो बृजलाल बहबलपुरिया ने रोक दिया। दोनों के बीच बहस देख कर हांसी से कांग्रेस प्रत्याशी रहे राहुल मक्कड़ बीच में आए। उन्होंने बजरंग गर्ग से अनुरोध किया। जिसके बाद बजरंग गर्ग मंच पर आकर बैठ गए। मामला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र तथा रोहतक सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा तक भी पहुंचा। मंच पर लगे होर्डिंग्स में कांग्रेस के सभी नेताओं के फोटो लगाए गए थे। जिला अध्यक्ष बनाए जाने के बाद पहली बार कांग्रेस के शहरी व ग्रामीण जिला अध्यक्ष एक मंच पर आए थे। इससे पहले दोनों अपने अलग अलग कार्यक्रम करते रहे हैं। 31 अक्तूबर को इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि के मौके पर कांग्रेस भवन में तीन घंटे में दो कार्यक्रम हुए थे। एक में शहरी अध्यक्ष तथा तीन विधायक शामिल हुए । दूसरे में ग्रामीण जिला अध्यक्ष सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे थे। कांग्रेस के तीनों विधायकों की ओर से सोशल मीडिया पर डाले गए पोस्ट के लिए उपयोग किए गए होर्डिंग्स में सिरसा सांसद कुमारी सैलजा का फोटो नहीं था।