फतेहाबाद नगर परिषद प्रशासन द्वारा बुधवार सुबह अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। टीम जब थाना रोड पर अतिक्रमण हटाने लगी तो कुछ दुकानदारों ने विरोध कर दिया। इसके चलते टीम बस स्टैंड चौकी में पहुंची और पुलिस फोर्स मांगी। पुलिस टीम मिलने के बाद नगर परिषद कर्मचारियों ने धर्मशाला रोड, सन्यास आश्रम रोड, महाराजा अग्रसैन चौक व थाना रोड से अतिक्रमण हटवाया और सामान को जब्त कर लिया। नगर परिषद द्वारा पिछले करीब 15 दिनों से शहर में अतिक्रमण हटाने को लेकर अभियान चला रखा है। इसी के तहत बुधवार सुबह टीम एसआई राहुल के नेतृत्व में थाना रोड पर अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंची थी। यहां पर कुछ दुकानदारों व कर्मचारियों के बीस बहस हो गई। मामला बढ़ता देख कर्मचारी चौकी में पहुंचे और यहां से करीब 10 से 12 पुलिसकर्मियों को साथ लेकर धर्मशाला रोड पर दुकान के बाहर रखे सामान को जब्त कर लिया। टीम की इस कार्रवाई के दौरान दुकानदारों में हडक़ंप की स्थिति रही।