फतेहाबाद में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। देर रात से जारी रिमझिम बारिश ने पूरे जिले में ठंडक घोल दी। फतेहाबाद और भट्टूकलां सहित आसपास के क्षेत्रों में करीब पांच-पांच मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। अचानक बदले मौसम से किसानों के चेहरे खिले नजर आए, क्योंकि यह बारिश गेहूं और सरसों जैसी फसलों के लिए फायदेमंद मानी जा रही है। खेतों में नमी बढ़ने से सिंचाई की जरूरत कम होगी और फसलों को संजीवनी मिलेगी। हालांकि किसानों की चिंता भी बनी हुई है। उनका कहना है कि यदि आगामी दिनों में ओलावृष्टि होती है तो तैयार खड़ी फसलों को भारी नुकसान हो सकता है। फिलहाल हल्की बारिश को लाभकारी माना जा रहा है। वहीं, शहर में चल रहे गली निर्माण कार्य पर बारिश का असर पड़ा है। कई स्थानों पर निर्माणाधीन गलियों में कीचड़ फैल गया, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि अधिक बारिश न होने के कारण जलभराव की स्थिति नहीं बनी। निचले इलाकों में एक-दो जगह बरसाती पानी जरूर इकट्ठा हुआ, लेकिन प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।