टोहाना। उपमंडल के गांव सलेमपुरी के बस अड्डा पर बिजली आपूर्ति बाधित होने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को रतिया रोड पर जाम लगा दिया। प्रदर्शन की अगुवाई रामलाल खालसा ने की। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के 25-30 घरों में शनिवार रात से बिजली नहीं आ रही है। बार-बार शिकायत के बावजूद विभाग ने समस्या ठीक नहीं की। परेशान होकर ग्रामीण कुलां से टोहाना रोड पर एकत्रित हो गए और रास्ता बंद कर दिया। इस दौरान सरकार व बिजली निगम के खिलाफ नारेबाजी की गई है। जानकारी मिलते ही कुला चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण नारेबाजी करते हुए अपनी मांग पर अड़े रहे। उनका कहना था कि जब तक बिजली बहाल नहीं होगी, जाम नहीं हटेगा। करीब दो घंटे से चले जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान कावड़ लेकर जा रहे शिवभक्तों को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ी।