घर में अकेली 84 वर्षीय बुजुर्ग महिला से मारपीट कर सोने के टॉप्स छीनने के मामले में सीआईए फतेहाबाद की टीम ने दंपत्ति को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आरोपी राम निवासी गुलाब मंडी, अंबाला कैंट, हाल निवासी शक्ति नगर, फतेहाबाद तथा मनप्रीत उर्फ मीनू निवासी अशोक नगर, हाल निवासी शक्ति नगर, फतेहाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को भूना रोड फ्लाईओवर के पास से काबू किया है। डीएसपी क्राइम राजीव कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 28 अक्तूबर को गुरुनानकपुरा निवासी 84 वर्षीय भगवान देवी अपने घर में अकेली थीं। दोपहर करीब 3:15 बजे एक युवक और महिला किराये पर मकान पूछने के बहाने उनके घर पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने बुजुर्ग महिला को अकेला पाकर उनके साथ मारपीट की और कानों से सोने के टॉप्स जबरन छीन लिए। इस दौरान महिला का दाहिना कान फट गया और वह घायल होकर बेहोश हो गईं। पड़ोसियों ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। मामले में सीआईए फतेहाबाद की टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया।