संवाद न्यूज एजेंसी टोहाना। शहर का दिल कहे जाने वाले कैंची चौक(शहीद चौक) पर पिछले 10-15 दिन से सीवर और गंदे नालों का पानी सड़क पर जमा हो रहा है। इससे न सिर्फ बदबू से दुकानदार परेशान हैं, बल्कि गंदा पानी पेयजल सप्लाई में जाने से लोगों को बीमारी का भी डर सता रहा है। पार्षद प्रतिनिधि रमेश मेहता ने बताया कि यह समस्या तीन विभागों में फँसी हुई है। “पब्लिक हेल्थ कहता है यह नगर परिषद का काम है। नगर परिषद कहती है PWD B&R से इजाजत चाहिए। नाले के ऊपर की स्लैब तीन बार बन चुकी है और नाला काफी नीचे जा चुका है। नीचे केबलें भी बिछी हैं, जिससे नाला पूरी तरह चोक है।” उन्होंने कहा कि यह चौक वीआईपी रूट है, फिर भी प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा। मेहता ने एसडीएम से हस्तक्षेप कर तुरंत समाधान की मांग की। स्थानीय दुकानदार नरेश मुंजाल के अनुसार, “डेयरियों और सीवर का पानी टंकी में भरकर ओवरफ्लो हो रहा है। नगर परिषद के जेई ने 2-4 दिन में नया नाला बनाने का आश्वासन दिया था, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ।” दुकानदारों का कहना है कि अभी बारिश शुरू नहीं हुई है, बरसात में हालात और बिगड़ जाएंगे। लोगों ने मांग की है कि फटाफट नया नाला बनाकर गंदगी का निपटारा किया जाए