अमृत योजना के तहत ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में पेयजल मीटर लगाने का विरोध किया जा रहा है। वीरवार को जनस्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा जाखल में पेयजल मीटर कनेक्शन लगाने का कार्य शुरू किया गया, लेकिन ग्रामीणों द्वारा एकजुट होकर इसका विरोध किया गया। इसके चलते कार्य अधर में ही छोड़ना पड़ा। जेई मुख्तयार सिंह ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार अमृत योजना के तहत हर घर पानी के मीटर कनेक्शन लगाए जाने हैं। इसी कड़ी में विभाग की टीम वीरवर को जाखल गांव में मीटर लगाने पहुंची थी, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के कारण फिलहाल कार्य को स्थगित कर दिया गया है। ग्रामीणों के विरोध की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस व डायल 112 की टीम भी मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित किया। गांववासी अनूप सिंह, नसीब सिंह, गुरमीत सिंह आदि ने बताया कि गांव में हाल ही में नई पाइपलाइन डाली गई है, लेकिन अभी तक जलापूर्ति शुरू नहीं हुई है और न ही टंकी का निर्माण हो पाया है। ऐसे में अब सीधे मीटर लगाने का कोई औचित्य नहीं है। इसे लेकर ग्रामीणों द्वारा इसका विरोध किया गया है। ग्रामीणों ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर जल्द ही ग्रामीणों द्वारा बैठक की जाएगी। जिसमें पेयजल मीटर कनेक्शन को लेकर विचार विमर्श कर आगामी रणनीति तय की जाएगी। फिलहाल विभाग द्वारा कार्य को रोक दिया गया है। क्या कहते हैं अधिकारी जाखल मंडी में है तीन हज़ार जल कनेक्शन है। जिसमें फिलहाल 200 कनेक्शन ही हो पाएं है। पेयजल व सीवर कनेक्शन पर 120 रुपए खर्च होगा। वीरवार को जाखल गांव में जल मीटर कनेक्शन अभियान शुरू किया गया था, लेकिन लोगों के विरोध के कारण काम को स्थगित करना पड़ा है। ग्रामीणों से अपील है कि सरकार द्वारा शुरू की गई अमृत योजना लाभ लें। - मुख्तयार सिंह, कनिष्ठ अभियंता जनस्वास्थ्य विभाग।