टोहाना के नगर परिषद प्रशासन की ओर से प्रॉपर्टी टैक्स नहीं भरने वाले शहरवासियों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर ली गई है। नगर परिषद अधिकारियों ने पहले प्रॉपर्टी धारकों से बकाया टैक्स भरने की अपील की है। इस अपील का असर नहीं हुआ तो जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रॉपर्टी टैक्स नहीं भरने वालों में सरकारी विभाग भी शामिल हैं। सरकारी विभागों पर ही 16 करोड़ रुपये से ज्यादा का टैक्स बकाया पड़ा है। नगर परिषद से मिली जानकारी के अनुसार दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम पर 17 लाख रुपये, मार्केट कमेटी टोहाना पर साढ़े छह करोड़ रुपये, जनस्वास्थ्य विभाग पर चार करोड़ रुपये, रेलवे विभाग पर करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये, वन विभाग पर 1,28,572 रुपये, नहरी विभाग पर करीब दो करोड़ रुपये का टैक्स बकाया है। इसके अलावा शहर के अन्य निजी प्रॉपर्टी धारकों पर भी काफी टैक्स बकाया है। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संदीप सोलंकी ने बताया कि प्रॉपर्टी टैक्स दाता अपना टैक्स समय पर भुगतान नहीं करता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि टैक्स से आया रुपया शहर के विकास कार्य में खर्च किया जाएगा। इसलिए समय रहते टैक्स का भुगतान करना चाहिए। इस समय सरकारी विभागों से लेकर निजी प्रॉपर्टी धारकों पर भी करोड़ों रुपये बकाया पड़े हैं। अगर यह पैसा समय पर मिल जाए तो शहर के विकास को और गति दी जा सकती है।