फतेहाबाद। नगर परिषद के सफाई कर्मचारी मांगों को लेकर कर्मचारी हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों का धरना रात को भी जारी है। प्रशासन द्वारा रात को कचरा उठाए जाने की आशंका के चलते कर्मचारियों ने रात के समय धरना शुरू किया है। सफाई कर्मचारियों के काम पर नहीं लौटने के कारण शहर में डोर-टू-डोर कचरा उठान और सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। जगह-जगह कचरे के ढेर लगने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर परिषद प्रशासन की ओर से अब रात के समय कूड़ा उठान को लेकर अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों का प्रयास है कि शहर में जमा कचरे को उठाकर सफाई व्यवस्था को कुछ हद तक सामान्य किया जा सके। हालांकि, कर्मचारियों की हड़ताल जारी रहने के कारण नियमित सफाई व्यवस्था बहाल करना चुनौती बना हुआ है। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, शहरवासियों ने प्रशासन से जल्द समाधान निकालकर सफाई व्यवस्था सुचारु करवाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि कई दिनों से कचरा नहीं उठने के कारण दुर्गंध फैलने लगी है और बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है।