नगरपालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर नगरपरिषद के सफाई और दमकल कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। शहर में लगातार दूसरे दिन सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप रही, जिसके चलते मुख्य सडक़ों, गलियों और चौराहों पर कचरे के ढेर लग गए। डोर-टू-डोर कचरा उठाने वाली गाडिय़ां भी न पहुंचने से आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने नगरपरिषद कार्यालय में विशाल धरना दिया और सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरने की अध्यक्षता नगरपालिका कर्मचारी संघ के इकाई प्रधान नरेश राणा ने की, जबकि मंच संचालन सचिव ओमप्रकाश लोट ने किया। हड़ताल के दूसरे दिन विभिन्न जनसंगठनों के नेताओं ने धरना स्थल पर पहुंचकर कर्मचारियों की मांगों का पुरजोर समर्थन किया। सर्व कर्मचारी संघ के पूर्व जिला प्रधान बेगराज, पार्षद मोहन लाल नारंग, चन्द्रभान वधवा, बिजली बोर्ड यूनियन से भूप सिंह भड़ोलांवाली व रामनिवास शर्मा, पूर्व कर्मचारी नेता ओमप्रकाश चड्ढा तथा खेत मजदूर यूनियन के नेता रामकुमार बहबलपुरिया ने धरने को संबोधित करते हुए सरकार से कर्मचारियों की मानी गई मांगों को तुरंत लागू करने की मांग की। धरने को संबोधित करने वाले मुख्य वक्ताओं में कर्मचारी नेता नरेश राणा, ओम प्रकाश लोट, फायर यूनियन के राज्य नेता सतबीर सहारण, विनोद खिचड़, गुरदयाल भट्टी, राजा चौहान और सत्यवान टॉक शामिल रहे।