गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन फतेहाबाद में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय मुख्य समारोह की तैयारियों को लेकर वीरवार को परेड रिहर्सल का आयोजन किया गया। रिहर्सल का मुख्य उद्देश्य परेड में शामिल होने वाली टुकड़ियों में अनुशासन, एकरूपता और आपसी समन्वय को और बेहतर बनाना रहा। रिहर्सल के दौरान विभिन्न पुलिस टुकड़ियों ने तय कार्यक्रम के अनुसार मार्च पास्ट का अभ्यास किया। पुलिस बैंड की धुनों के साथ कदमताल करते हुए जवानों ने परेड की, जिससे पूरे अभ्यास में अनुशासन और लयबद्धता का प्रदर्शन देखने को मिला। परेड कमांडर ने टुकड़ियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और जहां सुधार की आवश्यकता थी, वहां मौके पर ही सुझाव दिए गए। इसके साथ ही समारोह स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। मंच व्यवस्था, ध्वनि प्रणाली, प्रवेश और निकास मार्ग, दर्शक दीर्घा तथा सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित शाखाओं को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि समारोह के दिन किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह को गरिमामय, अनुशासित और शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। रिहर्सल के माध्यम से टुकड़ियों की तैयारियों का आकलन किया गया है। उन्होंने कहा कि अंतिम समारोह से पहले शेष व्यवस्थाओं को भी पूर्ण कर लिया जाएगा, ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।