शहर के हंस मार्केट में वीरवार दोपहर को ट्रैफिक पुलिस और नगर परिषद के अधिकारी अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंचे। बस स्टैंड के पास हंस मार्केट में लगी रेहड़ियों को हटाने पर हंगामा हो गया। रेहड़ी संचालक ट्रैफिक थाना प्रभारी जयसिंह और नगर परिषद के एसआई महेश से उलझ गए और करीब 20 मिनट तक बहस हुई। आरोप लगाया कि फव्वारा चौक की तरफ रेहड़ियां नहीं हटाई जा रही है। अधिकारी मंथली लेते है, जो नहीं देता है उसकी हटवा दी जाती है। प्रशासन रेहड़ियां तो हटवा देता है लेकिन जगह नहीं उपलब्ध करवा पाया है। अभियान के नाम पर उनका सामान खराब हो जाता है। हंगामा होता देख ट्रैफिक एसएचओ जयसिंह ने पहले दोपहर तीन बजे तक का समय दिया लेकिन बाद रेहड़ी संचालकों के सामान खराब होने का हवाला दिया गया तो एक दिन का समय दिया। रेहड़ी संचालकों ने कहा कि नियम सभी पर लागू होने चाहिए। एसएचओ ने चेतावनी दी कि अगर नहीं हटी तो जब्त कर ली जाएंगी। फिलहाल स्थिति ये है कि हंस मार्केट में रेहड़ियों के कारण शाम के समय जाम की स्थिति हो रही है। सड़क पर तीन से चार लाइन में रेहड़ियां लग रही है।