जिले के सरकारी अस्पतालों में मंगलवार को दूसरे दिन भी हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज के आह़वान पर डॉक्टरों की हड़ताल जारी। अस्पताल में पीएचसी पर एनएचएम के तहत तैनात डॉ.हनुमान ने इमरजेंसी वार्ड संभाला। अग्रोहा मेडिकल से आए 10 डॉक्टरों ने ओपीडी संभाली। अस्पताल में चर्म रोग और मनारोग की ओपीडी बंद रही। इसके अलावा ओपीडी चलती रही। प्रोबेशन पीरियड पर चल रहे 24 में से 20 डॉक्टरों को सिविल सर्जन ने नोटिस जारी करके डयूटी पर लौटने के निर्देश दिए है। सीएमओ ने नोटिस में कहा है कि दो साल का प्रोबेशन पीरियड पूरा नहीं हुआ है। ऐसे में हड़ताल में शामिल होते है तो कार्रवाई की जाएगी। हालांकि नोटिस का मंगलवार दोपहर तक किसी चिकित्सक ने जवाब नहीं दिया है। जिले में 82 डॉक्टर हड़ताल पर है।