पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य को लेकर पुलिस लाइन फतेहाबाद में शनिवार को निशुल्क मेगा मल्टीस्पेशलिटी स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में 265 पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने स्वास्थ्य जांच करवाई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया। शिविर के दौरान चौंकाने वाली बात सामने आई कि जांच करवाने वालों में करीब 70 प्रतिशत लोग शुगर और ब्लड प्रेशर से संबंधित समस्याओं से प्रभावित पाए गए। चिकित्सकों ने इसे तनावपूर्ण ड्यूटी और अनियमित दिनचर्या का परिणाम बताते हुए नियमित जांच और संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। पुलिस अधीक्षक सिद्वांत जैन ने कहा कि पुलिस विभाग की असली ताकत उसके कर्मचारी हैं, जो दिन-रात कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा में जुटे रहते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। इसी सोच के तहत इस शिविर का आयोजन किया गया, ताकि कर्मचारियों को समय पर जांच और उचित उपचार मिल सके। शिविर में उप पुलिस अधीक्षक कुलवंत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने पुलिस कर्मियों से बातचीत कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी ली और इस तरह के आयोजनों को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस की ड्यूटी काफी चुनौतीपूर्ण होती है, इसलिए समय-समय पर स्वास्थ्य जांच आवश्यक है। विशेषज्ञों ने दी सेवाएं शिविर में विभिन्न अस्पतालों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने सेवाएं दीं। इस दौरान आंखों, दांतों की जांच के साथ डाइट और न्यूट्रीशन से संबंधित परामर्श दिया गया। मोटापा और उससे जुड़ी बीमारियों के प्रति भी जागरूक किया गया। जांच के बाद जरूरतमंदों को दवाइयां भी नि:शुल्क उपलब्ध करवाई गईं। कार्यक्रम के अंत में डॉक्टरों की टीम को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।