संवाद न्यूज एजेंसी टोहाना अनाज मंडी की कच्चा आढ़ती एसोसिएशन के चुनाव में शुक्रवार को रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। प्रधान पद के लिए हुए मतदान में रोशन लाल सैनी ने भगत सिंह को 6 वोट से हराकर जीत दर्ज की। चुनाव कमेटी सदस्य लक्ष्मण दास बंसल ने बताया कि कुल 334 मतदाताओं में से सभी ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतगणना में रोशन लाल सैनी को 170 और भगत सिंह को 164 वोट मिले। अग्रवाल भवन में सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक शांतिपूर्ण मतदान हुआ। सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहा। मतदान के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिए गए। इस चुनाव में तीन पदों पर पहले ही सर्वसम्मति बन गई थी। उपप्रधान पद पर राजेंद्र शर्मा और कैशियर पद पर राकेश गौतम निर्विरोध चुने गए। सचिव पद पर बलविंदर कुमार ने भाईचारे की मिसाल पेश करते हुए मदन लाल सैनी के पक्ष में नाम वापस ले लिया, जिससे मदन लाल सैनी निर्विरोध सचिव बने। असली टक्कर प्रधान पद पर रही। सुबह से ही दोनों प्रत्याशियों के समर्थक अग्रवाल भवन में डटे रहे। मतदाताओं में खासा उत्साह दिखा। जीत के बाद रोशन लाल सैनी के समर्थकों ने खुशी जताई।