रतिया। क्षेत्र के विधायक जरनैल सिंह ने रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक पर जमकर तंज कसा और कहा कि टोहाना रोड के निर्माण के लिए जोर मैने लगाया, जेसीबी के साथ फोटो कोई और खींचा रहे। विधायक जरनैल सिंह ने कटाक्ष करते हुए कहा कि अपने 5 साल के कार्यकाल के दौरान तो उन्होंने कोई विकास कार्य करवाए नहीं है। वहीं अब वह जेसीबी के आगे फोटो खींचकर वाह-वाही लूटना चाहते हैं। विधायक ने कहा कि जो लोग फोटो खिंचवाते हैं ऐसे लोगों से बचकर रहना चाहिए यह गुमराह करते हैं। उन्होंने कहा कि विकास केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाले कार्यों से होता है। उन्होंने दावा किया कि स्वयं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से इस सड़क के निर्माण को लेकर बातचीत की, जिसके बाद परियोजना को मंजूरी मिली और निर्माण कार्य शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि इस सड़क के बनने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी और विकास को नई गति मिलेगी।