शहर में हाल के दिनों में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए टोहाना पुलिस ने आमजन के लिए महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने अपील की है कि जब भी कोई परिवार या व्यक्ति लंबे समय के लिए घर से बाहर जाए, तो शहर थाना पुलिस को पहले से सूचना दे दें। इससे पुलिस संबंधित इलाके में गश्त बढ़ा सकती है और घर की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती है। शहर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने यह जानकारी देते हुए कहा कि चोर अक्सर ऐसे मकानों को निशाना बनाते हैं जहां घर कई दिनों तक बंद रहते हैं। उन्होंने बताया कि कई बार अपराधी घर के बंद होने का फायदा उठाकर नकबजनी या चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं। इसलिए, घर से बाहर जाते समय पुलिस को सूचित करना बहुत जरूरी है। प्रभारी कुलदीप सिंह ने आमजन से एक और महत्वपूर्ण अपील की है कि यात्रा या बाहर जाने की फोटोज और जानकारी को सोशल मीडिया पर तुरंत वायरल न करें। अपराधी इस तरह की पोस्ट्स का भी दुरुपयोग कर सकते हैं और घर के खाली होने की पुष्टि कर चोरी की प्लानिंग कर सकते हैं।