नशा पीड़ितों के उपचार के लिए अग्रवाल समाज आगे आया है। अग्रवाल समाज की तरफ से वीरवार को दवाइयां भेंट की गई। एसपी सिद्वांत जैन ने बताया कि नशा मुक्ति टीम द्वारा लगातार नशे की लत में फंसे युवाओं से संपर्क कर उनका मनोबल बढ़ाया जा रहा है और उन्हें उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इस अभियान के तहत अब तक सैकड़ों युवाओं को नशे से बाहर निकालकर उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर दिया जा चुका है। इसी मुहिम से प्रेरित होकर अब सामाजिक संस्थाएं भी आगे आ रही हैं। अग्रवाल समाज फतेहाबाद ने नशा पीड़ित युवाओं के उपचार के लिए सहयोग प्रदान किया। अग्रवाल समाज के प्रधान मनोज गर्ग ने बताया कि संस्था की ओर से पुलिस लाइन स्थित सभागार में करीब 30 हजार रुपये की होम्योपैथिक व एलोपैथिक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। इन दवाइयों का उपयोग नशा पीड़ित युवाओं के उपचार और पुनर्वास में किया जाएगा। कार्यक्रम में डीएसपी कुलवंत सिंह, नशा मुक्ति टीम प्रभारी उपनिरीक्षक सुन्दर लाल, संरक्षक वेद प्रकाश मंगल सहित समाज के कई पदाधिकारी और पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे। - अग्रवाल समाज की यह यह पहल समाज सेवा और मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण है। नशा ग्रस्त युवाओं को दंड नहीं, बल्कि सहयोग और सही मार्गदर्शन की जरूरत है। अन्य सामाजिक संगठनों और नागरिकों से भी इस अभियान में भागीदारी करने की अपील है। सिद्वांत जैन, एसपी