गांव पारता में पंचायत विभाग की ओर से सीएम विंडो पर मिली अवैध कब्जे की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जे को जेसीबी की मदद से गिराया गया। किसी भी तरह के विरोध से निपटने के लिए सदर पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रही जिनके सामने यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार पंचायत विभाग के बीडीपीओ राहुल श्योकंद ने पटवारी उमेद सिंह, ग्राम सचिव कृष्ण कुमार की टीम का गठन किया जिनके द्वारा गांव पारता में उक्त कब्जे पर कार्रवाई करते हुए कब्जे को छुड़वाया गया। विभाग को दी शिकायत में गांव के रहने वाले कपिल ने कहा था कि गांव के सरपंच प्रतिनिधि द्वारा ग्रामीणों ने अवैध रूप से पंचायती जमीन पर कब्जे करवाए जा रहे हैं जिसको लेकर सीएम विंडो में शिकायत दी गई। बीडीपीओ ने उक्त शिकायत पर कार्रवाई करते हुए रामनिवास को नोटिस भी जारी किए लेकिन जब कब्जा नहीं हटाया तो विभाग द्वारा बुधवार को जेसीबी की मदद से कार्रवाई की गई। ग्राम सचिव कृष्ण ने बताया कि रामनिवास द्वारा किए उक्त कब्जे को जेसीबी की मदद से हटाया गया है, रामनिवास के घर न मिलने के कारण उनकी पत्नी द्वारा लिखित में आश्वासन भी दिया है।