बजरंग दल व गौ रक्षा दल की टीम ने मिलकर अपनी मांगों को लेकर एसडीएम आकाश शर्मा से मुलाकात की तथा शहर में अवैध मदरसों, अवैध प्रवासियों तथा मदरसों में अवैध एवं अत्यधिक ध्वनि वाले लाउड स्पीकरों पर कार्यवाही की मांग की गई। इस दौरान सभी ने लिखित ज्ञापन देने के बाद हरियाणा सरकार का पुतला भी जलाया तथा कहा कि जल्द कार्यवाही नहीं हुई तो प्रदर्शन को तेज किया जाएगा। इस दौरान हरियाणा सरकार, राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला, पूर्व मंत्री देवेंद्र बबली के खिलाफ भी नारेबाजी की गई। प्रदेशन के दौरान प्रदर्शनकारी अपने साथ एसडीएम कार्यालय में स्पीकर भी साथ लेकर गए ताकि जिस तरह की आवाज से वे परेशान है एसडीएम के समक्ष सुनाई जाए और वहां मदरसों में चलने वाली मुस्लिम अजान को तेज आवाज में चलाया गया। प्रदर्शनकारियो में बजरंग दल जिला संयोजक अंकित भालोठिया, गौ रक्षा प्रमुख विद्यासागर, टोहाना संयोजक अनमोल, रतिया संयोजक अभिषेक, भुना संयोजक अनिल नेहरा ने बताया कि टोहाना शहर में कुछ स्थानों पर अवैध रूप से मदरसे संचालित किए जा रहे हैं, जिनकी प्रशासनिक अनुमति एवं पंजीकरण स्पष्ट नहीं है। ऐसे संस्थानों की जांच एवं सत्यापन अत्यंत आवश्यक है। इसके अतिरिक्त शहर में कुछ अवैध प्रवासी भी रह रहे हैं, जिनकी पहचान और दस्तावेजों का सत्यापन अभी तक प्रशासन द्वारा नहीं किया गया है। सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की दृष्टि से यह अत्यंत संवेदनशील विषय है, इसलिए इनकी संपूर्ण जांच कर उचित कानूनी कार्यवाही की जानी चाहिए। टोहाना शहर में कई मस्जिदों एवं मदरसों में लाउडस्पीकरों का उपयोग अत्यधिक तेज ध्वनि में किया जा रहा है, जो कि प्रदूषण कंट्रोल के नियम 2000 तथा सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का स्पष्ट उल्लंघन है। नियमों के अनुसार बिना अनुमति तथा निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक लाउडस्पीकर का प्रयोग दंडनीय है। इस संबंध में पूर्व में भी कई बार प्रशासन को ज्ञापन देकर शिकायत की जा चुकी है, परंतु अभी तक इस पर कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है, जिससे आम नागरिकों में असंतोष उत्पन्न हो रहा है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि शहर में संचालित अवैध मदरसों की जांच कर उनके पंजीकरण एवं वैधता की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जाए, शहर में रह रहे अवैध प्रवासियों की पहचान कर उनके दस्तावेजों का सत्यापन कराया जाए, जिन मस्जिदों/मदरसों में बिना अनुमति या निर्धारित सीमा से अधिक ध्वनि में लाउडस्पीकर चलाए जा रहे हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से बंद कराया जाए, नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रशासनिक एवं कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि भाटिया नगर निवासी बाबा पाला राम के मंदिर पर पेशाब करने के मामले में दर्ज प्राथमिकी में बाबा पालाराम को सुरक्षा मुहैया कराई जाए और जो धाराएं नहीं जोड़ी है उन्हें जोड़ा जाएं। एसडीएम आकाश शर्मा ने कहा कि इस मामले में लिखित ज्ञापन मिला है जिस पर उचित कार्यवाही करते हुए डीएसपी टोहाना को मार्क किया जाएगा ताकि उचित कार्यवाही की जा सके।