फतेहाबाद में मौसम के बदलते मिजाज के बीच शनिवार की सुबह धुंध रही । वीरवार को हुई हल्की बारिश के बाद शनिवार तड़के पूरा जिला गहरी धुंध की आगोश में लिपटा रहा। धुंध के कारण दृश्यता (विजिबिलिटी) काफी कम दर्ज की गई, जिससे नेशनल हाईवे और मुख्य मार्गों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। वाहन चालकों को दिन में भी लाइटें जलाकर सफर करना पड़ा। हालांकि, मौसम में आया यह बदलाव किसानों के चेहरे पर खुशी लेकर आया है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि इस समय छाई धुंध और तापमान में गिरावट गेहूं की फसल के लिए किसी 'वरदान' से कम नहीं है। धुंध की ओस की बूंदें फसल को प्राकृतिक नमी दे रही हैं, जो दानों की गुणवत्ता और चमक बढ़ाने में सहायक होंगी। शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ यह 15 डिग्री तक पहुंच गया। तापमान में इस कमी से फसल के पकने की प्रक्रिया धीमी और सुदृढ़ होगी, जिससे पैदावार बढ़ने की उम्मीद है। कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि फिलहाल मौसम अनुकूल है, इसलिए वे विशेष सावधानी बरतें।