टोहाना में राम भवन के पास एक सड़क दुर्घटना में पांच लोग घायल हो गए। इस हादसे में छह महीने की एक बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह दुर्घटना मारुति बरेजा और हुंडई वेन्यू कार के बीच हुई। जानकारी के अनुसार, मडिया गली निवासी पवन कुमार अपनी पत्नी प्रगति, तीन साल के बेटे चिनवे, भाई अजय (28), उसकी पत्नी दीक्षा और छह माह की बेटी युविका के साथ बरेजा कार से बाजार से घर लौट रहे थे। राम भवन के पास सामने से आ रही वेन्यू कार ने उनकी बरेजा कार को टक्कर मार दी। राहगीर विनोद कुमार के अनुसार, उन्हें तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि बरेजा कार क्षतिग्रस्त हो गई थी और उसमें सवार महिला के हाथ से बच्ची बाहर गिर गई थी। जगदम्बे ब्लड बैंक के स्टाफ की मदद से बच्ची को अस्पताल पहुंचाया गया। शहर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। घायलों का इलाज जारी है और उनके बयान के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।