फतेहाबाद में बढ़ रहे जल संकट को लेकर आज पगड़ी संभाल जट्टा किसान संगठन के लोग लघु सचिवालय पहुंचे और मीटिंग की। इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को मांग पत्र सौंपा। पगड़ी संभाल जट्टा किसान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मनदीप नथवान ने कहा कि 2 मई को हिसार में भी इसी प्रकार एक मीटिंग का आयोजन किया जाएगा और मुख्यमंत्री के नाम हिसार प्रशासन को मांग पत्र दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में पानी का संकट गहरा गया है। गांव और शहरों के हालात लगातार बिगड रहे हैं। लोगों को पीने का पानी भी खरीद कर पीना पड़ रहा है। टैंकरों के सहारे जीवन यापन हो रहा है और नहरें सूख चुकी है। मनदीप नथवान ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया और हरियाणा के लोगों को पानी नहीं मिला तो वह एक बड़ा आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। मनदीप नथवान ने कहा कि हरियाणा और पंजाब के किसानों की एकता को तोड़ने के लिए पंजाब सरकार के द्वारा इस प्रकार की हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।