शहर में संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले किसान, मजदूर, विद्यार्थियों द्वारा शहर में बड़ा रोष प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान शहर के टाउन पार्क के सामने से प्रदर्शन शुरू होकर बाल्मीकि चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला जलाया गया। प्रदर्शनकारी नेता उदयराज ने बताया कि पढ़ने वाले छोटे बच्चों के साथ आतंकवादियों जैसा व्यवहार किया गया। यह बेहद निंदनीय है। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे एक वक्ता उदय राज ने कहा, "हमारी पहली मांग थी कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें। यह बेशर्म और निकम्मी सरकार है। आज तक इन्होंने किसी छोटे मंत्री का भी इस्तीफा नहीं लिया।" उन्होंने आगे कहा, "अगर छात्रों को जान-माल का नुकसान हुआ है तो अब हम प्रधानमंत्री मोदी से भी इस्तीफे की मांग करते हैं। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने केंद्र सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।