शहर के बाबा खाटू श्याम प्रेमी अपने ही द्वारा बनाए गए रिकॉर्ड को तोड़ने की तैयारी में जुटे हैं। 29 जनवरी को श्याम प्रेमियों द्वारा 2121 फीट की श्याम ध्वजा बाबा खाटू श्याम के दरबार में अर्पित की जाएगी। इससे पहले 2024 में 1551 फीट की ध्वजा चढ़ाई गई थी और इसका रिकॉर्ड भी दर्ज हुआ था। यह ध्वजा फतेहाबाद की संस्था शीश के दानी ट्रस्ट द्वारा तैयार करवाई गई है, जो 28 जनवरी को शहर से रवाना की जाएगी। ट्रस्ट के प्रधान रिंकू ने बताया कि ट्रस्ट के सदस्यों ने श्री कृष्ण भगवान के जन्म स्थान मथुरा से पावन ध्वजा तैयार करवाई है। 2121 फीट की यह ध्वजा 41 दिनों में तैयार हुई है और 28 जनवरी को सुबह 11 बजे बाबा श्याम की शोभा यात्रा पूरे फतेहाबाद शहर में निकाली जाएगी। जिसके बाद शाम बजे यह शोभा यात्रा अनाज मंडी शेड पर संपन्न की जाएगी। यात्रा में बाबा के रथ के पीछे यह ध्वजा भी शामिल की जाएगी और 29 जनवरी को यह ध्वजा रींगस से खाटू श्याम के लिए रवाना की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह ध्वजा करीब एक किलोमीटर लंबी है, जिसे 400 से 500 श्याम प्रेमी एक साथ उठाएंगे और अंदाजा है कि एक लाख के करीब श्याम प्रेमी ध्वजा के साथ चलेंगे।