जिला मुख्यालय स्थित सिरसा रोड पर खाद्य आपूर्ति विभाग के गोदाम में वीरवार को जिले के फतेहाबाद, भट्टू कलां व भूना खंड के डिपो होल्डरों को नई 5 जी मशीन व तोल कांटे दिए गए। इन मशीनों के वितरण व तोल कांटे को लेकर वहां पर डिपो होल्डरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। विभाग की ओर से एक पत्र जारी कर पुरानी पीओएस व उसके साथ का सारा सामान और तोल कांटे जमा करवाने के आदेश दिए गए है। वीरवार को सुबह जब डिपो होल्डर पुरानी पीओएस के साथ तोल कांटे लेकर पहुंचे तो वहां पर मौजूद कर्मचारियों ने पुरानी पीओएस मशीन तो जमा कर ली लेकिन तोल कांटे लेने से मना कर दिया और कहा गया कि इसे बाद में जमा करेंगे। वहीं साथ ही नई 5 जी मशीनें के साथ उन्हें तोल कांटे भी दिए गए हैं। पुराने तोल कांटे जमा नहीं होने के कारण अब डिपो होल्डर्स को दोनों तोल कांटे ले जाने में काफी परेशानी हो रही है। वहीं कुछ डिपो होल्डर्स को उस समय पीओएस मशीन के साथ सही सामान नहीं दिया गया। जिस कारण अब कर्मचारी उस सामान के पैसे मांग रहे हैं।