यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर मंगलवार को जिले के सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में पूर्ण काम बंद रहा। बैंक कर्मचारी लंबे समय से लंबित अपनी मांग पांच दिवसीय कार्य सप्ताह को लेकर हड़ताल पर रहे। इस विरोध प्रदर्शन के कारण जिले भर में बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह चरमरा गईं, जिससे व्यापारियों और आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ा। हड़ताल का नेतृत्व कर रहे यूनियन जिला प्रधान नरेंद्र लांबा ने बताया कि केंद्र सरकार बैंक कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। उनका तर्क है कि एलआईसी और अन्य सरकारी वित्तीय संस्थानों में पहले से ही पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की व्यवस्था लागू है, तो फिर सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में इसे लागू करने में देरी क्यों की जा रही है,कर्मचारियों के अनुसार, काम के बढ़ते दबाव और मानसिक स्वास्थ्य को देखते हुए यह बदलाव अनिवार्य है।