शहर के सिरसा रोड स्थित एक पेस्टीसाइड फैक्टरी में मंगलवार देर रात कृषि विभाग की टीम ने छापेमारी कर विभिन्न कीटनाशक उत्पादों के सैंपल लिए। विभागीय अधिकारियों ने फैक्टरी में तैयार किए जा रहे उत्पादों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों की जांच के उद्देश्य से यह कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान टीम ने फैक्टरी में उपलब्ध विभिन्न बैचों से पेस्टीसाइड के नमूने एकत्र किए और उन्हें सील कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। कृषि विभाग के अधिकारी डॉ जागीर सिहं ने बताया की उन्हें एक किसान ने शिकायत दी कि अनाज मंडी में एक दुकान से उसने पेस्टीसाइड खरीदी थी जो निम्न स्तर की है उस दुकानदार से फैक्टरी का पता कर सैंपल लेने के लिए पहंचे है फैक्टरी में कुल तीन तरह के पेस्टीसाइड पाए गए है जिनके सैंपल ले लिए गए है। अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि संबंधित उत्पाद निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो संबंधित कंपनी के खिलाफ कीटनाशक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि फैक्टरी संचालक के पास लाइसेंस मिला है। वहीं फैक्टरी का स्टॉक रजिस्टर भी मिलान किया जाएगा।