टोहाना में प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि योजना के तहत मंगलवार को स्वनिधि भी स्वाभिमान भी पखवाड़ा की शुरुआत की गई। इसके तहत नगर परिषद कार्यालय में शिविर लगाया गया। इस शिविर में सरकार की अलग-अलग आठ योजनाओं में शामिल होने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों ने जानकारी दी। शिविर का शुभारंभ नगर परिषद के ईओ संदीप सोलंकी और कार्यकारी अभियंता अंकित वशिष्ठ ने किया। शिविर में नगर परिषद अधिकारियों ने स्ट्रीट वेंडरों को बताया कि क्षेत्र में अब तक 985 स्ट्रीट वेंडर को 10 हजार के अनुसार लगभग 98 लाख रुपये का ऋण मिल चुका है। बैंक उन स्ट्रीट वेंडरों को ऋण देता है, जो समय पर भुगतान भी कर रहे हैं। लोन देने के मामले में प्रदेश में जिला फतेहाबाद टॉप पांच में शामिल है। शिविर में जिला खाद्य एवं पूर्ति विभाग से रविंद्र कुमार ने वन नेशन-वन राशन कार्ड योजना के बारे में बताते हुए कहा कि पात्र कहीं से भी और किसी भी डिपो से राशन ले सकते हैं। एलडीएम कार्यालय से राजकुमार ने पीएम सुरक्षा बीमा योजना, पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना, पीएम जन-धन योजना, पीएम श्रम योगी मानधन योजना के बारे में बताया। महिला एवं बाल विकास विभाग से नेहा ने जननी सुरक्षा योजना और पीएम मातृ वंदना योजना के बारे में जानकारी दी। डीपीएम निकी गोयल और राकेश कुमार ने कहा कि यह पखवाड़ा दो दिसंबर तक चलेगा, जिसके तहत टोहाना में मंगलवार को शिविर लगाया गया है। यह शिविर बुधवार को भी जारी रहेगा। स्ट्रीट वेंडर किसी भी योजना के बारे में जानकारी ले सकते हैं, इसके अलावा कोई समस्या है तो उसका भी समाधान किया जाएगा।