राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला ने शनिवार को बलियाला हेड पर करोड़ों की लागत से बने स्विमिंग पूल का उद्घाटन किया। बराला ने खुद पूल में तैराकी कर इसका शुभारंभ किया। नहरी विभाग द्वारा तैयार यह प्रोजेक्ट अब आम जनता के लिए खोल दिया गया है। पत्रकारों से बातचीत में बराला ने कहा कि जब मैं वर्ष 2014 में पहली बार टोहाना से विधायक बना था, तब इस ड्रीम प्रोजेक्ट की शुरुआत की थी। बीच में अड़चनों के कारण काम रुक गया था। आज स्विमिंग पूल और कैफेटेरिया वर्किंग में आ गए हैं। यह बड़े सौभाग्य की बात है। कुछ दिन बाद कल्पना चावला पार्क भी शुरू हो जाएगा। बराला ने बताया कि स्विमिंग पूल और कैफेटेरिया पर 7 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। पूरे प्रोजेक्ट की लागत 19 करोड़ है, जिसमें कल्पना चावला पार्क और नहर किनारे सौंदर्यीकरण शामिल है। गौरतलब है कि वर्ष 2014 में विधायक बनने के बाद बराला ने यह प्रोजेक्ट शुरू किया था। 2019 में उनके चुनाव हारने के बाद जजपा कोटे से विधायक बने देवेंद्र बबली पंचायत मंत्री बने, लेकिन प्रोजेक्ट धीमा पड़ गया। वर्ष 2024 में भाजपा टिकट पर लड़े बबली के हारने के बाद काम में तेजी आई और अब प्रोजेक्ट पूरा हुआ। उद्घाटन मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।