जिला में शनिवार रात को तेज आंधी व बारिश के कारण कई स्थानों पर पेड़ टूटकर गिर गए तो दूसरी ओर शहर में जलभराव होने के कारण वाहनों की गति भी थमी हुई है। इससे सड़कों पर जाम जैसे हालात बने हैं और चालक भी परेशान हैं। बता दें कि शनिवार रात को तेज आंधी चली और तेज गरज व चमक के साथ बारिश हुई। बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में हालात सामान्य हैं, लेकिन शहर में हालात बिगड़े हुए हैं। यहां पर गलियाें व सड़कों पर जलभराव हो गया है। शहर के लोहारू रोड पर जलभराव होने से यातायात प्रभावित हो रहा है। यहां पर वाहन धीमी गति से चल रहे हैं और चालकों को चौक पार करने में भी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर पहले से ही गड्ढे बने हुए हैं और अब नाला की व्यवस्था न होने के कारण रोड पर डिवाइडर तक पानी भरा है। यहां से गुजरने वाले दुपहिया वाहन पानी में बंद हो रहे हैं। इसके अलावा कुछ स्थानों पर पेड भी गिरें हैं। बारिश होने के कारण ठंडी हवा से मौसम में नमी बनी है और बादल छाने से गर्मी से भी राहत मिली है।