चरखी-दादरी के स्कूलों में शनिवार को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णा फोगाट का मार्गदर्शन रहा। सभी स्कूलों के विद्यार्थियों ने स्पर्धा में अपना दमखम दिखाया। मास्टर हरपाल आर्य ने बताया कि कार्यक्रम के तहत खो-खो, कबड्डी, रस्साकसी, दौड़, थ्री-लेग रेस, बाधा दौड़, नींबू रेस और अन्य एथलेटिक्स मुकाबले करवाए गए। डीईओ कृष्णा फोगाट ने बताया कि खेलकूद के लिए विद्यार्थियों में काफी उत्साह रहता है और उन्हें साल में एक बार खेलकूद करने का अवसर जरूर देना चाहिए। इसका कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं में खेल भावनाओं का विकास करना है। इससे उनका शारीरिक व मानसिक विकास होता है और पढ़ाई में मन लगता है। छोटी उम्र से बच्चों को खेल के प्रति आकर्षित करके उन्हें सही दिशा प्रदान करने के लिए स्कूलों में वार्षिक स्पर्धा कार्यक्रम किया जाता है। विद्यार्थियों को खेल और शारीरिक गतिविधियों में शामिल करके उनमें आवश्यक जीवन कौशल को निखारना है। एथलीट मीट के दौरान मनोरंजक खेल जैसे थ्री-लेग रेस, बाधा दौड़, नींबू रेस आदि का आयोजन किया गया।