हरियाणा की धरती पर अतिथि सत्कार और त्याग की एक ऐसी गौरवगाथा लिखी गई, जिसने दादरी को इतिहास के पन्नों में अमर कर दिया। यह कहानी है सरदार झाडू सिंह फौगाट की एक साधारण किसान से महान त्यागी बनने की। भारतीय संस्कृति में वर्णित “अतिथि देवो भवः” की परंपरा को जीवंत करते हुए दादरी के लाधान पाना निवासी झाडू सिंह ने वह कर दिखाया, जिसकी मिसाल आज भी दी जाती है। सत्रहवीं शताब्दी में जब जोधपुर के राजा जसवंत सिंह अपने सैनिकों के साथ दिल्ली दरबार जाते हुए दादरी पहुंचे, तो रात हो चुकी थी। सैनिकों और घोड़ों के लिए भोजन व चारे की व्यवस्था एक बड़ी चुनौती थी। मजाक में किसी ने एक गरीब किसान झाडू सिंह का नाम ले लिया। राजा जब झाडू सिंह की झोपड़ी पर पहुंचे, तो वास्तविक स्थिति समझ में आ गई। लेकिन झाडू सिंह ने न तो गरीबी का रोना रोया, न असमर्थता जताई। उन्होंने अपने बाड़े की गायें खोल दीं, घोड़े-हाथियों के लिए जगह दी और सैनिकों के भोजन के लिए अपने घर के सभी गहने गिरवी रख दिए। इस अतुलनीय सेवा भाव और त्याग से राजा जसवंत सिंह अत्यंत प्रभावित हुए। दिल्ली दरबार में झाडू सिंह को विशेष सम्मान मिला। मुगल बादशाह ने स्वयं खड़े होकर उन्हें गद्दी पर बैठाया और “सरदार” की उपाधि से नवाजा। साथ ही 12 गांवों की जागीर भी प्रदान की गई। तभी से यह कहावत प्रचलित हुई—“फौगाटों की दादरी, झाडू सिंह सरदार।” आज भी सरदार झाडू सिंह फौगाट की यह गाथा लोकगीतों में गूंजती है। हर वर्ष 17 दिसंबर को दादरी के लाधान पाना स्थित सरदार झाडू सिंह फौगाट चौक पर उनका जन्मदिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया जाता है। यह कथा हमें सिखाती है कि सच्चा वैभव धन में नहीं, बल्कि त्याग, संस्कार और मानवता में निहित है।