नगर परिषद दादरी के सफाई कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को शहर में जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नगर परिषद कार्यालय से शुरू होकर बस स्टैड रोड, रोहतक चौक होते हुए उपायुक्त कार्यालय तक मार्च निकाला और उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। बाद में कर्मचारियों ने अपना ज्ञापन एसडीएम योगेश कुमार को सौंपकर जल्द मांगे पूरी करने की अपील की। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि वे वर्षों से नगर परिषद में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन आज भी बड़ी संख्या में कर्मचारी कच्चे तौर पर काम करने को मजबूर हैं। कर्मचारियों ने मांग की कि सभी कच्चे कर्मचारियों को पॉलिसी के तहत बिना किसी देरी के पक्का किया जाए, ताकि उन्हें स्थायी नौकरी का लाभ मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने न्यूनतम वेतन 27000 रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग उठाई, जिससे महंगाई के इस दौर में वे अपने परिवार का भरण पोषण ठीक से कर सकें।