हिसार के पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के नेतृत्व में प्रदेश में निकाली जा रही सद्भाव यात्रा शुक्रवार को दादरी में पहुंची। स्थानीय एमसी कॉलोनी में पूर्व केंद्रीय मंत्री चौ. बीरेंद्र सिंह, पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह सहित कांग्रेस पदाधिकारियों ने जनसभा को संबोधित किया। उसके बाद यात्रा दादरी के बस स्टैंड रोड, भगवान परशुराम चौक, लाला लाजपतराय चौक, पुरानी अनाज मंडी होते हुए ग्रामीण क्षेत्र के लिए रवाना हुई। यात्रा की शुरुआत से पहले पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने एमसी कॉलोनी में राजेंद्र सिंह अहलावत के निवास स्थान पर पत्रकारवार्ता की। उन्होंने कहा कि दूसरे दलों से भाजपा में आकर लोग भले ही सांसद, मंत्री बन जाएं लेकिन वे कभी नेता नहीं बन सकते। उन्होंने कहा कि भाजपा में जिस व्यक्ति का जब तक उपयोग है, तब तक ही उसे तवज्जो दी जाती है, उसके बाद उनको पूछा तक नहीं जाता। बृजेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार का कोई विजन नहीं है। 11 साल के कार्यकाल के दौरान युवाओं को नौकरियां नहीं मिली। सरकार ने युवाओं को रोजगार के काबिल तक नहीं बनाया। कौशल विकास के नाम पर शिगूफा छोड़ा गया। कांग्रेस में खेमे से संबंधित एक सवाल के जवाब में पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने कहा कि अलग-अलग खेमों ने ही पार्टी का सत्यानाश किया है। वे किसी भी खेमे में नहीं है, वे केवल कांग्रेस में हैं।