दादरी शहर के बाजारों में पार्किंग सुविधा नहीं होने से दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है, वहीं बाजारों में तरतीब तरीके से खड़े होने वाले वाहनों के कारण हर 10 मिनट में जाम की स्थिति बनती है। परेशान दुकानदारों ने नगर परिषद की मेन बाजार के समीप खाली पड़ी करीब 1100 वर्ग गज जमीन पर मल्टी लेवल पार्किंग बनाने की मांग की है, ताकि दुकानदारों को कारोबार में होने वाले घाटे से बचाया जा सके और नगर परिषद को भी राजस्व की प्राप्ति हो सके। बता दें कि कुछ वर्ष पहले नगर परिषद की ओर से पुरानी सब्जी मंडी के पीछे स्थित खाली पड़ी 1100 वर्ग गज जमीन पर मल्टी लेवल पार्किंग बनाने की योजना तैयार की थी। लेकिन लंबा समय बीतने के बाद भी यह योजना सिरे नहीं चढ़ सकी है। जिसके कारण बाजारों में जाम के हालात बने रहते हैं और दुकानदारों व वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।