दादरी की नई अनाज मंडी में आढ़तियों की ओर से विशाल अन्नकूट भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में लगभग दो हजार लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में विशेष तौर पर कढ़ी, चावल, मूंग, बाजरा, दाल के बड़ों के साथ-साथ राजस्थान के खाटू श्याम से मंगाई गई ग्वार फली, पापड़ ने प्रसाद के स्वाद को और जायकेदार बना दिया। इस दौरान मंडी स्थित किसान विश्राम गृह में आसपास के लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में मंडी के प्रधान मोहन मकड़ानियां, विनोद गर्ग, पवन बिरोहडिया, संजय कुमार, तेजवीर सांगवान आदि का विशेष सहयोग रहा। आढ़तियों ने बताया कि मंडी में पिछले पांच साल से अन्नकूट भंडारे का आयोजन किया जा रहा है।