बारिश के कारण खराब हुई फसलों का मुआवजा जल्द ही किसानों के बैंक खातों में आएगा। सरकार में सभी की सुनवाई होती है और सभी वर्गों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। सरकार हर वर्ग के लिए सकारात्मक सोच के साथ काम कर रही है। उक्त बातें प्रदेश के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता करने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि इस साल काफी बारिश हुई, जिसके कारण फसलों को भी नुकसान हुआ। सरकार ने तुरंत संज्ञान लेते हुए खराब फसल की भरपाई का फैसला लिया और लंबे समय के लिए ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल खोलकर खराबे की रिपोर्ट दर्ज करने का मौका दिया। अब सक्षम अधिकारियों द्वारा पोर्टल पर दर्ज रिपोर्ट का मिलान तेजी से किया जा रहा। उन्होंने कहा कि जल्द ही सरकार किसानों को उनकी खराब हुई फसलों का मुआवजा देने जा रही है।