दादरी के नागरिक अस्पताल और मातृ शिशु अस्पताल में बुधवार को निरीक्षण के लिए एनक्वास की दो टीमें पहुंची। एनक्वास टीम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का करीब तीन घंटे तक गहन निरीक्षण किया। टीम हिसार व पानीपत से पहुंची थी, जिसमें दो-दो अनुभवी चिकित्सक शामिल रहे। टीम ने स्वच्छता, मरीजों की सुविधाओं, मशीनरी, उपचार व्यवस्था और रिकॉर्ड सिस्टम का विस्तार से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान कई व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप नहीं पाई गईं, जिन्हें टीम ने तुरंत अपनी रिपोर्ट में दर्ज किया। टीम सबसे पहले नागरिक अस्पताल स्थित सीएमओ ऑफिस पहुंची, यहां चिकित्सकों के साथ मिलकर ओटी कक्ष का निरीक्षण किया। इसके बाद टीम यहां से मातृ शिशु अस्पताल में पहुंची, जहां उन्होंने उपचार व्यवस्था की जांच की। अल्ट्रासाउंड कक्ष, लैब यूनिट आदि को भी निरीक्षण सूची में शामिल किया गया। नागरिक अस्पताल हिसार के अतिरिक्त एसएमओ व टीम सदस्य डॉ. अनिल ने कहा कि मानकों के मुताबिक रिपोर्ट तैयार कर ली गई, जो खामियां और जो सुविधाएं बेहतर थी उनके मद्देनजर अंक दिए गए है।