जिला प्रशासन दादरी तथा युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग के तत्वावधान में जिला नोडल आईटीआई रावलधी द्वारा युवा महोत्सव व विज्ञान मेले का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपायुक्त मुनीश नागपाल, विशिष्ट अतिथि नगर परिषद चेयरमैन बक्शी राम सैनी, डीईओ धमेंद्र चौधरी तथा जनता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. यशवीर सिंह ने शिरकत की। महोत्सव में दादरी जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। समूह नृत्य प्रतियोगिता में 8 टीमों के लगभग 55 प्रतिभागियों ने लोकनृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। लोक संगीत वाद्य यंत्र प्रतियोगिता में समूह और सोलो मिलाकर करीब 20 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। इसके साथ ही कविता लेखन, पेंटिंग और कहानी लेखन प्रतियोगिता में लगभग 140 प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। विज्ञान मेला भी आयोजन का आकर्षण रहा, जिसमें समूह प्रतियोगिता में 13 टीमों के 45 छात्रों और एकल वर्ग में 6 प्रतिभागियों ने अपने-अपने प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में सृजनात्मकता, विज्ञान के प्रति जिज्ञासा और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देना रहा।