चरखी-दादरी में वीरवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने छापा मारा। इस दौरान दो किराना स्टोर और एक अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग व पुलिस टीम के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई की। इसमें दो दुकानों से टीम ने सैंपल लिए जबकि अस्पताल में बिना लाइसेंस गैर पंजीकृत गतिविधियां पाई गई। बता दें कि टीम सुबह 11 बजे दादरी पहुंची। इसके बाद सीएमएफएस रोहतक के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. पुनीत शर्मा व गुप्तचर इकाई टीम ने शहर में लाला लाजपतराय चौक के पास हरियाणा कंफैक्शनरी किरयाणा स्टोर पर दबिश दी। संचालक भगवती प्रसाद मौके पर मिला और यहां से 10 किलोग्राम सिंघाडे़ का आटा मिला। इसमें से टीम सैंपल लिया और जांच के लिए आगे भेज दिया। इसके बाद वहीं पर सिटी कंफैंशनरी किराना स्टोर पर कार्रवाई कर संचालक शंकरभान से समान की जानकारी ली। इस स्टोर से टीम ने 40 किलोग्राम कुट्टु का आटा व 25 किलोग्राम सामक मिला। टीम के लाइसेंस मांगने पर स्टोर संचालक लाइसेंस दिखाने में असमर्थ रहे। बाद में टीम ने एक-एक सैंपल लिए और जांच के लिए आगे भेज दिए। अब सैंपलों की रिपोर्ट आने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी आगामी कार्रवाई करेंगे। दो घंटे कार्रवाई करने के बाद टीम को मुख्यालय से सूचना मिली कि रोहतक चौक स्थित गुड्डी क्लिनिक एवं जच्चा-बच्चा विशेषज्ञ में बिना लाइसेंस मरीजों का उपचार किया जा रहा है। यहां से टीम ने उपचार संबंधी सामग्री जब्त कर ली और संचालिका के खिलाफ केस दर्ज करने की सिफारिश की।