जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से पौधरोपण के लिए शुक्रवार को गांव रामनगर का दौरा किया गया। इसके लिए जलघर परिसर का चयन किया गया। विभाग ने करीब 500 पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। बता दें कि विभाग की ओर से एक पेड़ मां के नाम योजना के तहत पौध रोपित कर हरियाली बढ़ाएगा। इसके लिए शुक्रवार को जनस्वास्थ्य विभाग से जिला सलाहकार राजू भूंभक, कार्यकारी अभियंता सोहनलाल जांगड़ा, उपमंडल अभियंता मोहनलाल जांगड़ा व कनिष्ठ अभियंता विवेक अहलावत और धीरेंद्र कुमार, नगर परिषद चेयरमैन बक्शीराम सैनी आदि रामनगर कपूरी जलघर में पहुंचे। यहां पर उन्होंने जगह का निरीक्षण किया और पौधरोपण के लिए फाइनल किया। जलघर का क्षेत्रफल 5 एकड़ है और इसमें पौधरोपण के लिए करीब 2 एकड़ जमीन विभाग प्रयोग करेगा।