अनाज मंडी में मंगलवार को यूरिया खाद को लेकर भारी हंगामा देखने को मिला। करीब 1200 कट्टे यूरिया का वितरण धक्का मुक्की के बीच हुआ। सुबह 6 बजे से लाइन में लगे किसानों को दोपहर 1 बजे के बाद जाकर खाद मिल पाया। हालात ये रहे कि कई किसानों को अपनी बारी आने तक घंटों इंतजार करना पड़ा। खाद वितरण के दौरान किसानों ने आरोप लगाया कि प्रति एकड़ सिर्फ एक बैग दिया जा रहा है, जबकि फसल की जरूरत इससे कई गुना ज्यादा है। किसानों ने कहा कि मांग के हिसाब से आपूर्ति नहीं हो रही है और प्रशासन केवल औपचारिकता निभा रहा है। कई किसानों का यह भी आरोप रहा कि लाइन में लगे रहने के बावजूद पहले कुछ चुनिंदा लोगों को खाद दिया गया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति यह रही कि पुरुष किसानों के साथ महिला किसान भी चूल्हा चौका छोड़कर लंबी लाइन में लगी रहीं। किसानों का कहना है कि अगर समय पर यूरिया नहीं मिला तो सरसों और गेहूं की फसल पर बड़ा असर पड़ेगा। किसानों ने सरकार से जल्द पर्याप्त खाद उपलब्ध करवाने और वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की मांग की है।