चरखी दादरी शहर के पांच केंद्रों पर शनिवार को एनएमएमएस परीक्षा यानि राष्ट्रीय साधन सह योग्यता छात्रवृत्ति परीक्षा आयोजित की गई। इनमें 1134 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी और 200 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। इसके साथ ही हाजिरी प्रतिशत 80 फीसदी रहा। बता दें कि शहर स्थित पीएमश्री राजकीय कन्या विद्यालय, वैश्य कन्या विद्यालय, वैश्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आदि पर परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा के दौरान पुलिस भी केंद्रों पर तैनात रही और नकली रहित परीक्षा करवाई गई। परीक्षा के लिए जिले 1334 विद्यार्थियों का चयन किया गया। लेकिन शनिवार को केवल 1134 विद्यार्थी ही केंद्रों पर परीक्षा देने पहुंचे। इनमें कोई विद्यार्थी अपने परिजनों के साथ आया और स्कूलों से भी शिक्षक विद्यार्थियों को वाहनों में लेकर आए। इसके बाद सुबह 11 बजे परीक्षा शुरू हुई और तीन घंटे तक चली। विद्यार्थियों ने परीक्षा देने के बाद आपस में भी प्रश्नों की तुलना व मूल्यांकन किया। वहीं बोर्ड की ओर परीक्षा लेने के लिए शिक्षकों की तैनाती की गई। परीक्षा प्रभारी विजय कुमार के नेतृत्व में नकल रोकने लिए फ्लाइंग टीमों ने दौरा किया। जानिये क्या है एनएमएमएस योजना... राष्ट्रीय साधन सह योग्यता छात्रवृत्ति योजना परीक्षा एससीईआरटी की ओर से आयोजित की जाती है। इसमें केवल आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों को ही शामिल किया जाता है। इस परीक्षा में पास होने वाले विद्यार्थियों को सालाना 12 हजार रुपये दिए जाते हैं और यह राशि हर 1000 रुपये में मिलती है। इस योजना का लाभ विद्यार्थी को 12वीं कक्षा तक छात्रवृत्ति के तौर पर दिया जाता है और केवल राजकीय स्कूलों के विद्यार्थियों को ही शामिल गया है।